पैरालंपिक निशानेबाजी कोच सुभाष राणा का देहरादून पहुंचने पर किया भव्य स्वागत
देहरादून (शिवांश कुंवर)- पैरालंपिक में निशानेबाजी कोच सुभाष राणा का देहरादून पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। टोक्यो पैरालंपिक (Tokyo Paralympics) के निशानेबाजी गेम में 5 पदकों के साथ देश का गौरव बढ़ाने वाले कोच सुभाष राणा का देहरादून प्रेस क्लब पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर लोगों ने सुभाष राणा का फूल माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान सुभाष राणा ने प्रेस वार्ता भी की। साथ ही उन्होंने युवाओं को मूलमंत्र भी दिया। सुभाष राणा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील भी की है।
निशानेबाजी कोच सुभाष राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुआ संवाद खिलाड़ियों के साथ उनके जीवन का सबसे अनोखा अनुभव और पल था। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि युवा नशे से दूर रहें, जो उनके भविष्य में प्रत्येक क्षण काम आएगा। सुभाष राणा ने युवाओं धैर्य रखने का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अमूमन देखा जाता है कि आजकल युवा अपने भविष्य का लक्ष्य निर्धारित नहीं कर रहे हैं। वह लक्ष्य अगर निर्धारित हो तो उसको प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास करें और धैर्य रखें ,ना की इधर-उधर भटके.उन्होंने कहा कि धैर्य, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छा हो तो निश्चित है कि आपको सफलता मिलेगी और लक्ष्य प्राप्त कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं. ऐसे में किसी व्यक्ति को हार नहीं माननी चाहिए और धैर्य का परिचय देते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ते रहना चाहिए।


