सहिया: पिकअप वैन में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
सहिया/कालसी- देहरादून जिले के सहिया क्षेत्र में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जजरेट से लगभग 1 किलोमीटर आगे सहिया की ओर जा रही पिकअप वैन में अचानक भीषण आग लग गई। वैन में भारी मात्रा में पुआल भरी हुई थी। चौकी सहिया को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली तो तत्काल चौकी से पुलिस बल आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही, डाकपत्थर स्थित फायर सर्विस को भी तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए सूचित किया गया। वाहन में दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान संजू पुत्र मुन्ना निवासी ग्राम मलोग, थाना कालसी और राहुल पुत्र बज्जू निवासी ग्राम जीसऊ, थाना कालसी के रूप में हुई है। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार, कार सवार दोनों व्यक्ति विकासनगर से पुआल भरकर अपने गांव जा रहे थे, तभी अचानक पुआल में आग लग गई और देखते ही देखते इसने पूरे वाहन को चपेट में ले लिया। घटना में पिकअप वाहन लगभग पूर्ण रूप से जलकर नष्ट हो गया है। घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है और दोनों यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक तौर पर पुआल में अचानक आग लगना ही कारण प्रतीत हो रहा है।
