नैनबाग: कैबिनेट मंत्री खजान दास का श्रीकोट में भव्य स्वागत, राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रावास और इंटरलॉकिंग टाइल्स की घोषणा
राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोट नैनबाग में सम्मान समारोह: कैबिनेट मंत्री खजान दास को भेंट किए पहाड़ी वाद्य यंत्र और स्मृति चिन्ह
राइका में छात्रावास और इंटरलॉकिंग टाइल्स की घोषणा
अनुशासन और संस्कार ही सफल जीवन की कुंजी- मंत्री खजान दास
दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है राइका श्रीकोट- विधायक प्रीतम पंवार
नैनबाग (शिवांश कुंवर)– अपने गृह क्षेत्र पहुंचे कैबिनेट मंत्री खजान दास का क्षेत्रीय जनता ने पारंपरिक लोक संस्कृति के साथ भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोट नैनबाग में आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री को शॉल, पहाड़ी वाद्य यंत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार जताया। इस वर्ष राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोट का इंटरमीडिएट और हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जिसकी कैबिनेट मंत्री ने सराहना की। सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और पारंपरिक जौनपुर तांदी गीत की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि अनुशासन और संस्कार ही सफल जीवन की कुंजी हैं। आज का बच्चा अगर पूरी निष्ठा और लगन से मेहनत करे, तो वह कल इस देश का गौरव बन सकता है।इस दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन के परिश्रम और संघर्षों को भी साझा किया। साथ ही उन्होंने सभी से पीएम नरेंद्र मोदी की अपीलों और विजन का अनुसरण करने का आह्वान किया। इसके साथ कैबिनेट मंत्री ने श्रीकोट में छात्रावास के निर्माण और राइका परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने की घोषणा की। नाग देवता मंदिर के निर्माण की मांग पर उन्होंने कहा कि वे इसमें व्यक्तिगत सहयोग करेंगे और मुख्यमंत्री धामी के समक्ष भी इसका प्रस्ताव रखेंगे।

विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद राइका श्रीकोट शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विधायक ने विद्यालय प्रशासन द्वारा प्रशासनिक भवन समेत अन्य मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व स्थानीय जनता और शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष बलवीर सिंह रावत ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष श्रीकोट में गेस्ट हाउस, राइका खेल मैदान का सुधारीकरण, स्मार्ट क्लास और नाग देवता मंदिर निर्माण को लेकर मांग पत्र सौंपा। वहीं विधायक से प्रशासनिक भवन की मांग पत्र सौंपा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य परिपूर्णानंद पैन्यूली, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमवारी लाल अग्रवाल, प्रधान सुनील सेमवाल, प्रधान दीपेंद्र बिष्ट, नरेंद्र सिंह, बलवीर सिंह राणा, सुभाष रतूड़ी, महादेव प्रसाद नौटियाल, सूरत सिंह रावत, नारायण सिंह पंवार, सुपा सिंह पंवार, अनूप थपलियाल, डॉ. घनश्याम उनियाल, जयप्रकाश नौटियाल, सुमन लाल सेमवाल, सरदार सिंह, विक्रम सिंह, सुनील थपलियाल और शिक्षक राजेंद्र सिंह, मनोज, भरत सिंह, हिमांशु, संध्या, संतोषी चौहान, पुष्पा बहुगुणा, अर्चना असवाल, रजनी रावत सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
