लोक गायिका प्रियंका महर के नाम रहा डुंडा विकास मेले का छठा दिन
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- उत्तरकाशी जिले के डुंडा स्थित मां रेणुका देवी मंदिर परिसर में आयोजित विकास मेले का छठा दिन पूरी तरह लोक संस्कृति और संगीत के रंग में रंगा नजर आया। इस खास अवसर पर उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका प्रियंका महर ने अपनी सुमधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला परिसर झूम उठा।
जैसे ही प्रियंका महर मंच पर पहुंचीं, दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। उनके लोकप्रिय लोकगीतों की धुन पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। चारों ओर तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह की गूंज सुनाई देती रही।
डुंडा विकास मेला न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को नई पहचान देने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। छठे दिन प्रियंका महर की यादगार प्रस्तुति ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया और दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली।
