दर्दनाक हादसा: नौगांव के पास गहरी खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत
दर्दनाक हादसा: नौगांव के पास गहरी खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत
उत्तरकाशी: जनपद उत्तरकाशी के नौगांव में आज (सोमवार, 20 अक्टूबर 2025) तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नौगांव के पास एक डंपर वाहन (UK 07CD 3406) अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी:
पुलिस चौकी नौगांव से SDRF (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) टीम को प्रातः लगभग 4:00 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि SDRF पोस्ट से लगभग 5 किलोमीटर दूर नौगांव के पास यह डंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन:
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अनिल आर्य के नेतृत्व में SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुँचने पर पाया गया कि डंपर गहरी खाई में गिरा हुआ है। SDRF, फायर सर्विस, जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से एक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
शव बरामद:
लंबे चले रेस्क्यू अभियान के बाद टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक के शव को खाई से बाहर निकाला और रोड हैड तक पहुंचाया। चालक की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
मृतक की पहचान:
मृतक की पहचान जगदीप रावत (पुत्र चैन सिंह, उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी ग्राम सुनारा, जिला उत्तरकाशी के रूप में हुई है। शव को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जाँच शुरू कर दी है।
