उत्तराखंड

देहरादून के नए कप्तान अजय सिंह ने संभाली कमान 

देहरादून के नए कप्तान अजय सिंह ने संभाली कमान 

 

देहरादून- नवनियुक्त एसएसपी अजय सिंह ने जनपद देहरादून में एसएसपी देहरादून का चार्ज-भार ग्रहण किया गया। प्रेस वार्ता में  नवनियुक्त एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सीएम धामी के विजन ड्रग फ्री देवभूमि 2025 की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में और अधिक प्रभावी कदम उठाये जायेंगे। नशे की तस्करी में लिप्त आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जायेगी। साथ ही उनके विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही करते हुए उनकी संपत्तियों को अटैच करते हुए कुर्की की कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। जिससे ऐसे अपराधियों के मध्य एक कडा संदेश पहुंचाया जा सके। नशे के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान में आम जन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में सप्ताह में एक दिन प्रत्येक शनिवार को आम जन के मध्य नशे के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए पुलिस की चौपाल आयोजित की जायेगी। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर नशे के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने हेतु गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का नम्बर आम जन के मध्य प्रसारित किया जाएगा, जिस पर कोई भी व्यक्ति नशा तस्करों के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की सूचना को उपलब्ध करा सकता है, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जायेगा। जनपद में अपराध एवं कानून व्यवस्था की स्थिति को और बेहतर करने के प्रयास किये जायेंगे साथ ही सभी थानों में पीड़ित केन्द्रित पुलिसिंग पर विशेष फोकस किया जायेगा तथा इस बात को सुनिश्चित किया जायेगा कि थाने/चौकियों में आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ पुलिस द्वारा अपना व्यवहार संयमित रखते हुए उसकी समस्या को बेहतर ढंग से सुनकर उस पर त्वरित कार्यवाही की जाये। स्ट्रीट क्राइम पर पुलिस द्वारा विशेष रूप से फोकस किया जायेगा, क्योंकि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर चेन/पर्स स्नेचिंग अथवा अन्य आपराधिक घटना घटित होने पर आस-पास के व्यक्तियों के बीच एक भय का माहौल उत्पन्न हो जाता है तथा समाज में इसका एक नकारात्मक संदेश जाता है। पुलिस का प्रयास रहेगा कि इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाये, साथ ही यदि इस प्रकार की कोई घटना घटित होती है तो उसका त्वरित अनावरण सुनिश्चित किया जाये। भूमि सम्बन्धी धोखाधडी जोकि जनपद देहरादून की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है, उस पर प्रभावी रूप से कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी तथा संगठित गैंग बनाकर लोगों से भूमि सम्बन्धी धोखाधडी करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। इसके अतिरिक्त ऐसे व्यक्तियों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर अर्जित की गयी सम्पत्ति को सम्बन्धित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर उसके ध्वस्तीकरण की कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *