गंगा दशहरा पर्व पर गंगोत्री धाम में भक्तों की उमड़ी भीड़
गंगा दशहरा पर्व पर गंगोत्री धाम में भक्तों की उमड़ी भीड़
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- गंगोत्री गंगा दशहरा के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। गंगोत्री मंदिर समिति द्वारा विशेष धार्मिक अनुष्ठान, महाभिषेक और आरती का भव्य आयोजन किया गया।
सुबह से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। राजा भगीरथ की मूर्ति को पारंपरिक डोली में सुसज्जित कर गंगा घाट तक ले जाया गया, जहां विशेष पूजा-अर्चना की गई। गंगोत्री मंदिर को फूलों और रोशनी से विशेष रूप से सजाया गया था।
पौराणिक मान्यता है कि भगीरथ राजा की तपस्या से ही गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा शिवजी की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इस अवसर पर गंगा स्नान से दस प्रकार के पापों से मुक्ति मिलती है।
स्थानीय प्रशासन ने पर्व के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए। गंगोत्री से लेकर हरिद्वार तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने इस पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को और गहरा कर दिया।
