नैनबाग: नागथात के विकास के लिए पर्यटन एवं विकास समिति का गठन, गौतम उनियाल बने अध्यक्ष
नैनबाग: नागथात के विकास के लिए पर्यटन एवं विकास समिति का गठन, गौतम उनियाल बने अध्यक्ष
नैनबाग (अमित नौटियाल)- नैनबाग के ग्राम बिरोड़ में नागथात के चहुंमुखी विकास, पौराणिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन के माध्यम से स्व रोजगार के अवसरों को बढ़ाने को लेकर बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नागथात पर्यटन एवं विकास समिति का गठन किया गया। गौतम उनियाल को सर्वसम्मति से समिति का अध्यक्ष चुना गया है। मुकेश गौड़ को उपाध्यक्ष, अमित नौटियाल कोषाध्यक्ष, महेश बलोनी सचिव और पंकज गौड़ महामंत्री और मीडिया प्रभारी की की जिम्मेदारी सुमित नौटियाल को दी गई। केशव उनियाल, राहुल बडोनी और विपेन्द्र को सदस्य बनाया गया है। समिति के मार्गदर्शन के लिए दिनेश डोभाल, सुशील डोभाल, मनोज गौड़, संजीव नौटियाल और प्रवीण नौटियाल को संरक्षक के रूप में मनोनीत किया है।
नवनियुक्त अध्यक्ष गौतम उनियाल ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य कुल देवता भगवान नागराज की पावन स्थली नागथात को एक भव्य पौराणिक सिद्धपीठ के रूप में स्थापित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि आदिकाल से चली आ रही परंपराओं, मेलों और पूजा-पद्धतियों का संरक्षण समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इको-टूरिज्म, होमस्टे योजनाओं और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही नागथात क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की आवागमन और ठहरने की उचित व्यवस्थाएं विकसित की जाएगी।
बैठक मे सोहनलाल डोभाल, जनार्दन नौटियाल, वीरेंद्र गौड़, नरेश बड़ोनी, श्याम लाल बलोनी, शांति नौटियाल, सुशील डोभाल, राजेंद्र उनियाल, दिनेश डोभाल, सतीश उनियाल, मोहनलाल नौटियाल सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।
