उत्तरकाशीउत्तराखंड

पीएम मोदी के आने से शीतकालीन यात्रा को मिलेगा बढ़ावा- विजयपाल सजवाण

पीएम मोदी के आने से शीतकालीन यात्रा को मिलेगा बढ़ावा- विजयपाल सजवाण 
उत्तरकाशी(वीरेंद्र सिंह नेगी)- गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के हर्षिल-मुखवा आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनका हार्दिक अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने और देश-विदेश के पर्यटकों को देवभूमि उत्तराखंड में आने का आह्वान करने से निश्चित रूप से इस क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।
अपने निर्धारित समयानुसार प्रधानमंत्री आज सुबह हर्षिल हैलीपेड पर उतरने के बाद माँ गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा गांव पहुंचे, जहाँ उन्होंने माँ गंगा के दर्शन व पूजा अर्चना कर देश प्रदेश कि खुशहाली की कामना की। उन्होंने यहाँ स्थानीय महिलाओं व ग्रामीणों के साथ रासो नृत्य का भी अवलोकन कर हिमालय के दीदार किये।
पूर्व विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने साल भर पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जो विचार साझा किए हैं, उनका सकारात्मक प्रभाव आगामी वर्षों में देखने को मिलेगा। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि देश के कई हिस्सों में जहां सर्दियों में कोहरे की मार पड़ती है, वहीं उत्तराखंड के बर्फीले पहाड़ों में सूरज की गर्माहट का आनंद लेना अपने आप में एक अलग अनुभव है। प्रधानमंत्री द्वारा इसे “घाम तापो पर्यटन” की संज्ञा दिए जाने से निश्चित रूप से देश-विदेश के पर्यटकों का ध्यान उत्तराखंड की ओर आकर्षित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरे के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों नेलांग और जादुंग गांवों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए यहां से बाइक रैली को नेलांग के लिए रवाना किया। यह उनकी सीमावर्ती गांवों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही, जब उन्होंने गढ़वाली भाषा में स्थानीय लोगों का अभिवादन किया, तो इससे क्षेत्रीय जनता के दिलों में उनके प्रति और अधिक अपनापन जागृत हुआ।
पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सकारात्मक सोच और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही आज गंगोत्री क्षेत्र को प्रधानमंत्री  के इस विशेष दौरे का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि 27 फरवरी को खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री का दौरा स्थगित हो गया था, जिससे उम्मीदें क्षीण हो गई थीं। लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिबद्धता और स्थानीय प्रशासन के अथक प्रयासों के कारण यह ऐतिहासिक यात्रा सफल हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *