नैनबाग मुख्य बाजार में अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग से लग रहा जाम, चारधाम यात्रा से पहले बढ़ी चिंता
नैनबाग मुख्य बाजार में अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग से लग रहा जाम, चारधाम यात्रा से पहले बढ़ी चिंता
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- नैनबाग मुख्य बाजार और पंतवाड़ी मोटर मार्ग रोड में व्यापारियों और स्थानीय लोगों द्वारा सड़क पर गाड़ियां आड़ी-तिरछी खड़ी करने और दुकान का सामान सड़क पर रखने से बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों और बड़ी गाड़ियों को चलने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। टायर पंचर और वाहन वर्कशॉप वाले भी सड़क पर ही गाड़ियों की मरम्मत करते हैं, जिससे बड़ी गाड़ियों के निकलने में और परेशानी होती है। चार धाम यात्रा शुरू होने वाली है और यमुनोत्री धाम का यह पहला पड़ाव होने के कारण सड़क पर वाहनों का आवागमन बढ़ जाएगा, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।
पूर्व प्रधान गंभीर सिंह रावत ने बताया कि कुछ व्यापारियों द्वारा दुकान का सामान सड़क पर रखा जाता है और कई लोग अपनी बाइक, कार और यूटिलिटी गाड़ियों को सुबह से शाम तक गलत साइड पर खड़ी कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति रोज बनी रहती है। इसके कारण बाहर से आए यात्रीगण नैनबाग बाजार में रुकना पसंद नहीं करते, जिससे होटल और होम स्टे संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन से कई बार पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की गई है, ताकि बाजार में यातायात सुचारू रूप से चल सके।
