माघ मेले में यातायात नियमों व प्राथमिक उपचार को लेकर जागरूकता अभियान
माघ मेले में यातायात नियमों व प्राथमिक उपचार को लेकर जागरूकता अभियान
उत्तरकाशी- यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे “36वें सड़क सुरक्षा माह” के अंतर्गत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में एआरटीओ सुवर्णा नौटियाल, यातायात उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह चुफाल एवं रेडक्रॉस सोसायटी उत्तरकाशी के चेयरमैन एम.पी. जोशी के नेतृत्व में यातायात पुलिस, परिवहन विभाग (एआरटीओ) एवं रेडक्रॉस की संयुक्त टीम द्वारा रामलीला मैदान उत्तरकाशी में आयोजित माघ मेला (बाड़ाहाट कू थौलू) के दौरान मेलार्थियों, वाहन चालकों एवं राहगीरों को यातायात नियमों तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
रेडक्रॉस की टीम द्वारा उपस्थित लोगों को वाहन सावधानीपूर्वक चलाने, सड़क पर चल रहे अन्य लोगों एवं बेजुबान मवेशियों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से प्राथमिक उपचार की आवश्यक जानकारी एवं सावधानियों के बारे में बताया गया।
यातायात पुलिस एवं एआरटीओ की टीम द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए लोगों को शराब पीकर वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग न करने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग, तीन सवारी जैसे यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान रोड सेफ्टी से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा गुड सेमेरिटन की जानकारी देकर सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों की सहायता के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
