पंचायत चुनाव: कौन बनेगा सरतली वार्ड से जिला पंचायत सदस्य?
पंचायत चुनाव: कौन बनेगा सरतली वार्ड से जिला पंचायत सदस्य?
भाजपा से राजेश सजवाण, कांग्रेस से जोत सिंह रावत और निर्दलीय प्रत्याशी प्रवीन चौहान चुनावी मैदान में
तीनों प्रत्याशी कर रहे अपनी जीत का दावा
नैनबाग (अमित नौटियाल)- जैसे-जैसे पंचायती चुनाव नजदीक आ रहे हैं। वैसे-वैसे चुनाव की सरगर्मियां तेज होती जा रही है। 24 जुलाई को प्रथम चरण में चुनाव होंगे। बात करें नैनबाग के जिला पंचायत सरतली वार्ड की तो तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों का ताबड़तोड़ प्रचार जारी है। भाजपा से राजेश सजवाण, कांग्रेस से जोत सिंह रावत और निर्दलीय प्रत्याशी प्रवीन चौहान मैदान में है। तीनों प्रत्याशी अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। बात की जाए तो बीजेपी और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है तो वहीं निर्दलीय प्रत्याशी भी बीजेपी-कांग्रेस को टक्कर देने में पीछे नहीं हट रहे हैं। हालांकि, तीनों प्रत्याशियों का डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान जारी है। मतदाताओं को लुभाने के लिए घर-घर जाकर अपने-अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और युवाओं के लिए कौशल विकास पर रहेगा विशेष फोकस– राजेश सजवाण
भाजपा प्रत्याशी राजेश सजवाण का कहना है कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के मूल मंत्र पर विकास कार्य करेंगे। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समाधान करने की कोशिश करेंगे। कहा कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता को प्राथमिकता, युवाओं के लिए कौशल विकास और स्वरोजगार के ठोस अवसर तैयार, किसानों की समस्याओं को जिला स्तर पर मजबूती से उठाना और समाधान, सड़क, पानी, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का सुचारू विकास कराना। लखवाड़ बांध से प्रभावित काश्तकारों को उचित विस्थापन और मुआवजा दिलाने के लिए ठोस प्रयास करना। सरतली जिला पंचायत क्षेत्र में सड़क और संपर्क मार्गों की कनेक्टिविटी को जन आकांक्षाओं के अनुरूप सुदृढ और सुलभब नाना मेरी प्राथमिकता होगी”। वार्ड की जनता के स्नेह और आशीर्वाद से सरतली वार्ड से भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।
सरतली वार्ड में सेवक बनकर करूंगा जनता की सेवा- जोत सिंह रावत
कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह रावत का कहना है कि सरतली वार्ड में सेवक बनकर जनता की सेवा करूंगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार सहित सभी कार्यों पर विशेष ध्यान रहेगा। क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देंगे। जनता से की गई उम्मीदों पर खरा उतरेंगे । जनता की सेवा का लक्ष्य उनके जीवन का आधार है। उनका हर पल जनता की सेवा के लिए है। जनसेवा के लिए सदैव जनता के बीच तत्परता से उपलब्ध रहेंगे। क्षेत्र में नए-नए आयाम स्थापित करेंगे। युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए कड़े कदम उठाएं जाएंगे। क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार संघर्ष करेंगे। जनता का अपार आशीर्वाद मिल रहा है। जनता के बदौलत से वह सरतली वार्ड को फतह करेंगे।
क्षेत्र का सर्वांगीण विकास मेरी पहली प्राथमिकता- प्रवीन सिंह चौहान
निर्दलीय प्रत्याशी प्रवीन सिंह चौहान का कहना है कि युवाओं और बुजुर्गों के आशीवार्द से चुनाव लड़ रहा हूँ। जनता के आशीर्वाद से विकास कार्य को गति देंगे। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेंगे। क्षेत्र में हुई युवाओं को रोजगार दिलाने, जैविक खेती और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे। सरतली वार्ड को एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करेंगे। कहा कि क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्राथमिकताओं के साथ समाधान करेंगे। पांच वर्ष तक बिना भेदभाव के क्षेत्र में विकास कार्य करेंगे। क्षेत्र को अपना परिवार और सेवा के भाव से दायित्व को निभाउंगा। जनता के मिल रहे अभूतपूर्व समर्थन से सरतली वार्ड से भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।
अब देखना होगा कि 31 जुलाई को किस प्रत्याशी के भाग्य का पिटारा खुलता है और किसकी किस्मत साथ नहीं देती है।
