तंबाकू नियंत्रण और टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की क्षमता में वृद्धि के लिए कार्यशाला आयोजित
तंबाकू नियंत्रण और टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की क्षमता में वृद्धि के लिए कार्यशाला आयोजित
उत्तरकाशी- मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय उत्तरकाशी के सभागार में आज जिला स्तरीय जॉइंट कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफ हेल्थ प्रोफेशनल्स (NTCP एवं NTEP)कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू निषेध हेतु संक्षिप्त परामर्श प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती, हरदेव राणा (डीपीएम) एवं ममता थापा (SPM, BSS) उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में तंबाकू नियंत्रण एवं टीबी उन्मूलन के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण सत्र से हुई जिसके पश्चात अजीत सिंह एवं डॉ. सोनम गुप्ता (SDC, BSS) द्वारा कार्यशाला के उद्देश्यों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
तकनीकी सत्रों में ममता थापा (SPM, BSS) द्वारा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम का अवलोकन प्रस्तुत किया गया तथा तंबाकू उपयोग के बढ़ते बोझ और इसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही टीबी-तंबाकू समन्वित गतिविधियों की रूपरेखा एवं टीबी उपचार के दौरान तंबाकू निषेध सेवाओं के एकीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
विशेष सत्र में डॉ. सोनम गुप्ता द्वारा “ब्रिफ एडवाइस (Ask, Advice and Refer)” विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि मात्र 3 मिनट का प्रभावी परामर्श भी व्यक्ति को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित कर सकता है।
इसके उपरांत ब्लॉक स्तर पर टीबी-तंबाकू समन्वय को सुदृढ़ करने हेतु कार्ययोजना तैयार की गई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस सत्र का संचालन BSS टीम द्वारा किया गया।
अंतिम सत्र में ज्ञानेंद्र पंवार (DC, NTCP, उत्तरकाशी) एवं डॉ. सोनम गुप्ता द्वारा HWC, डेंटल सर्जनों, RKSK काउंसलरों एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा दिए जा रहे ब्रिफ एडवाइस की समीक्षा की गई।
