कुरीतियों पर प्रहार: नैनबाग की लालूर पट्टी में शादी में शराब और मेहंदी पार्टी पर लगाम, उल्लंघन करने पर 50 हजार का जुर्माना
कुरीतियों पर प्रहार: नैनबाग की लालूर पट्टी में शादी में शराब और मेहंदी पार्टी पर लगाम, उल्लंघन करने पर 50 हजार का जुर्माना
नैनबाग (अमित नौटियाल)- नैनबाग की लालूर पट्टी में पहाड़ की समृद्ध संस्कृति को बचाने और समाज में बढ़ती कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में ऐतिहासिक मिसाल पेश की है। रविवार को जाखधार में आयोजित लालूर पट्टी क्षेत्र की अंतिम महापंचायत में सर्वसम्मति से शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया।
सर्व सहमति से निर्णय लिया कि लालूर पट्टी में किसी भी परिवार के विवाह समारोह के मेहंदी कार्यक्रम में आयोजित कॉकटेल पार्टी पर पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। विवाह के निमंत्रण पत्र में मेहंदी का निमंत्रण नहीं दिया जायेगा। विवाह समारोह के पूरे कार्यक्रम में अंग्रेजी शराब-बियर का प्रतिबंध और अपनी पारम्परिक सुर और घणी सूर को विवाह समारोह में दिये जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। मामा पक्ष द्वारा चाहे लड़का हो या लड़की (भांजा या भांजी) दोनों ही तरह की शादियों में मामा पक्ष की मिठाई प्रतिबन्धित रहेगी। केवल मामा पक्ष (मौखी) द्वारा एक बकरा और सामूहिक पिठांई ही दी जायेगी। इसके साथ मामा पक्ष पर कोई अन्य भार नहीं दिया जाएगा और ना ही इसके अतिरिक्त मामा पक्ष द्वारा दी जाने वाली किसी अन्य प्रकार की उपहार को स्वीकार किया जायेगा। शादी समारोह में डी०जे० का संचालन प्रत्येक गांव द्वारा अपने-अपने प्रस्तावों में निर्धारित समय के अनुसार किया जायेगा। इन निर्णयों का उल्लंघन करने वाले परिवार का समस्त लालूर पट्टी के लोगों और उस गांव के लोगों द्वारा सामूहिक बहिष्कार किया जायेगा। साथ ही 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। लालूर पट्टी की इस पहल की सराहना पूरे जौनपुर-जौनसार क्षेत्र में हो रही है। इन नियमों की निगरानी के लिए विशेष समिति का भी गठन किया गया है। बैठक में लालूर क्षेत्र के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता सहित 21 गांवों के ग्रामीण भी उपस्थित रहे।


