लालूर क्षेत्र में सामाजिक सुधार की नई पहल: नैनबाग़ के जागधार में शादियों में मेहंदी कार्यक्रम और अंग्रेजी शराब पर प्रतिबंध लगाने को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
लालूर क्षेत्र में सामाजिक सुधार की नई पहल: नैनबाग़ के जागधार में शादियों में मेहंदी कार्यक्रम और अंग्रेजी शराब पर प्रतिबंध लगाने को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
2-2 प्रबुद्ध व्यक्तियों को चुना
बैठक के बिंदुओं पर समिति के सदस्य अपने गांव गांव में करेंगे चर्चा
विभिन्न गांवों में औपचारिक सहमति बनने के बाद 28 दिसंबर को लिया जाएगा फैसला
नैनबाग(अमित नौटियाल)- पहाड़ की समृद्ध संस्कृति को बचाए रखने और शादियों में बढ़ती फिजूलखर्ची और कुरीतियों को समाप्त करने को लेकर नैनबाग के लोक निर्माण विभाग कार्यालय जाखधार में बैठक आयोजित हुई, जिसमें लालूर क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समस्त गांवों के ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। अगली बैठक 28 दिसंबर को आहूत की गई है।



बैठक में शादियों में मेहंदी कार्यक्रम और अंग्रेजी शराब पर प्रतिबंध लगाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर हुई चर्चा
मेहंदी कार्यक्रमों को विवाह समारोहों में पूरी तरह प्रतिबंधित, विवाह समारोहों में अंग्रेजी शराब के परोसने पर पूर्ण पाबंदी हालांकि, क्षेत्र की पारंपरिक परंपरा को जीवित रखने के लिए ‘सुर/पारंपरिक पेय’ के उपयोग पर कोई प्रतिबंध नहीं। शादी में मामा पक्ष पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने के लिए तय किया है कि मौखी (मामा पक्ष) द्वारा अब केवल एक बकरा और सामूहिक पिठाई देने और किसी भी उपहार या वस्तु का लेन-देन स्वीकार नहीं हो। डीजे (साउंड सिस्टम) बजाने के लिए निश्चित समय सीमा तय होने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में समिति का गठन किया है, जिसमें 21 गांवों से 2-2 सदस्यों को चुना है। यह सदस्य अपने-अपने गांवों में जाकर ग्रामीणों के साथ इन विषयों पर चर्चा कर औपचारिक सहमति प्राप्त करेंगे।
बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा और औपचारिक सहमति बनने के बाद 28 दिसंबर को होने वाली बैठक में इन मुद्दों पर गहनता से चर्चा होगी, जिसके बाद निर्णय लिए जाएंगे। हालांकि अब ये देखने वाली बात होगी कि इन विषयों पर किन-किन गांवों की सहमति बनती है और किन गांवों की नहीं?

