जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में दो दिवसीय निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का समापन
उत्तरकाशी- नेत्र अनुभाग जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी एवं विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में दो दिवसीय निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का सफल समापन किया गया।
इस अवसर पर स्वामी असीमात्मानंद महाराज, सचिव, रामकृष्ण मिशन आश्रम देहरादून ने कहा स्वयं को प्रसन्न करने का सर्वोत्तम उपाय यह है कि दूसरों के जीवन में प्रसन्नता का प्रकाश फैलाया जाए। स्वामी विवेकानंद के इसी प्रेरक भाव से प्रेरित होकर, रामकृष्ण मिशन आश्रम देहरादून द्वारा जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी के आई ऑपरेशन थिएटर और वार्ड का नवीनीकरण कार्य किया गया तथा निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया।
डॉ. मानसी पोखरियाल (M.S., विवेकानंद नेत्रालय देहरादून) ने बताया जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में पहली बार अत्याधुनिक फेको मशीन द्वारा मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए गए हैं। इसका संपूर्ण सेटअप विवेकानंद नेत्रालय देहरादून से लाया गया, और पूरी टीम ने अत्यंत उत्साह के साथ सेवा कार्य संपन्न किया।
डॉ. हरि शंकर पात्रा ने बताया कि इस दो दिवसीय शिविर में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए कुल 80 मरीजों के सफल ऑपरेशन किए गए। डॉ. अभिमन्यु पोखरियाल ने कहा सभी मरीजों को निशुल्क ऑपरेशन के साथ-साथ दवाइयाँ और आवश्यक परामर्श भी निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। शिविर के समापन के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस रावत एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ पी एस पोखरियाल द्वारा विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम देहरादून द्वारा जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में उनके द्वारा दी गई सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जनपद के नागरिकों को पुनः जल्द ही अपनी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने हेतु आशा व्यक्त की गई है।
शिविर में जिला चिकित्सालय से डॉ आस्था रावत, विनोद कुमार एवं नेत्र विभाग के अन्य स्टाफ तथा विवेकानंद नेत्रालय OT इंचार्ज अनुराग शर्मा, Outreach इंचार्ज तेज बहादुर, ऑप्टोमेट्रिस्ट मोहित थपलियाल, राजा दास, उज्जल, सिद्धांत जोशी, निरंजन, अनिल कुमार और कुलदीप यादव सम्मिलित रहे।
