खाई में गिरी पर्यटकों की स्कार्पियो, 3 की मौत, 6 घायल
भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी पर्यटकों की स्कार्पियो, 3 की मौत, 6 घायल
नैनीताल/भवाली: भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट के समीप पर्यटकों से भरी स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उत्तर प्रदेश के तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। बरेली से आए 9 पर्यटकों का दल स्कार्पियो वाहन में सवार होकर भवाली से कैंची धाम के दर्शन के लिए जा रहा था। निगलाट के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क के किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि सभी पर्यटक बरेली के निवासी थे। घायलों को रेस्क्यू कर एसडीआरएफ, पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
