बालिकाओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन व किशोरावस्था जागरूकता कार्यक्रम
बालिकाओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन व किशोरावस्था जागरूकता कार्यक्रम
नैनबाग (वीरेंद्र वर्मा)- टिहरी जनपद के विकासखंड जौनपुर के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज गरखेत में विभागीय निर्देशों के क्रम में समग्र शिक्षा अभियान, उत्तराखण्ड के तहत कक्षा 09 से 12 तक की बालिकाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन और किशोरावस्था जागरूकता के सम्बन्ध में एक शिक्षाप्रद एवं आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील पंवार के द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया। वहीं संचालक दीपा टम्टा ने कार्यक्रम की भूमिका और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम का संयोजन समग्र शिक्षा प्रभारी एस०के० रयाल ने किया।

कार्यक्रम में डॉ० ए०क्यू०अंसारी ने विस्तार से मेडिकल व पैरामेडिकल क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही नर्सिंग ऑफिसर राहुल क्षेत्री ने भी बच्चों को आज के परिप्रेक्ष्य में काफी उपयोगी जानकारी दी। इसके पश्चात वन विभाग से कु० गीता राणा, फोरेस्ट गार्ड द्वारा अपना निजी अनुभव बताते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होने इस समय वनाग्नि से होने वाले नुक्सान के बारे में भी जागरूक किया।इसी क्रम में विद्यालय के अध्यापक देश कुमार कल्याण प्रव०, रामानुज पैन्यूली, ओम प्रकाश कोटनाला, आशीष डंगवाल, देवेन्द्र सिंह नेगी ने अपने सम्बोधन में बच्चों को अपना-अपना अनुभव शेयर करते हुए कॅरियर मार्गदर्शन एवं मोटिवेशन दिया।एवं प्रोत्साहन स्वरूप बच्चों को पुरस्कृत किया गया। अंत में प्रभारी प्रधानाचार्य सुनील पंवार ने बच्चों को सम्बोधित किया एवं सभी का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम समापन की घोषणा की।
