उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

डालनवाला गोलीकांड: आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश

डालनवाला गोलीकांड: आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश

देहरादून- तिब्बती मार्केट के पास  गोलीकांड की गंभीर घटना के बाद पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर है। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप ने घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया और अब तक की पुलिस कार्रवाई की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को निर्देश दिए कि घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र पहचान कर विशेष टीमों का गठन किया जाए। गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्य, सर्विलांस और अन्य सभी विधिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए।

कानून व्यवस्था पर सख्ती, क्षेत्राधिकारियों को निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में देहरादून के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल की आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए त्वरित अनावरण और प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिए गए।

आईजी ने निर्देशित किया कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करें। संवेदनशील और विवादित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए नियमित व रैंडम चेकिंग अभियान चलाए जाएं। आपसी रंजिश, भूमि विवाद जैसे मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर सामने आने वाले मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा अफवाहों पर नियंत्रण रखा जाए। बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया जाए और विद्यालयों में सुरक्षा व साइबर अपराध संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। आईजी ने सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने के लिए पूर्ण सतर्कता व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *