डीएम नितिका खण्डेलवाल ने ‘सीड राखी’ का किया अनावरण
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने ‘सीड राखी’ का किया अनावरण
टिहरी- रक्षाबंधन के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए डीएम नितिका खण्डेलवाल ने नवाचारी पहल ‘सीड राखी’ का अनावरण किया। यह अनूठी पहल परंपरा और प्रकृति के संगम का प्रतीक है। बता दें कि रक्षाबंधन के उपलक्ष्य पर आयुष विभागने राखी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘सीड राखी’ ऐसी राखी है, जिसमें प्राकृतिक बीज संलग्न किए गए हैं। आयुर्वेद विभाग टिहरी गढ़वाल द्वारा बनवाई गई ‘सीड राखी’ पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ सुभाष ने बताया कि रक्षाबंधन के बाद राखी के कागज को मिट्टी में दबाया जा सकता है, जिससे कुछ ही समय में एक नया हर्बल पौधा अंकुरित होगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना है।
डीएम नितिका खंडेलवाल ने कहा कि “यह पहल न केवल भाई-बहन के प्रेम को दर्शाती है, बल्कि पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में भी एक सार्थक कदम है। ऐसी रचनात्मक सोच समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, आयुष विभाग से अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ वंदना डंगवाल एवं अन्य डॉक्टर द्वारा प्रतिभाग किया और ‘सीड राखी’ बांधकर पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया।
