उत्तरकाशीउत्तराखंडधार्मिक

काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब  

काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब  

उत्तराखंड- महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद उत्तरकाशी स्थित प्राचीन काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तरकाशी में आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ पड़ा, जहां तड़के लगभग 2 बजे रात्रि से ही श्रद्धालुओं की एक किलोमीटर से भी अधिक लंबी कतार लग गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद शिव भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और श्रद्धा की गर्माहट ने मौसम की ठिठुरन को भी पीछे छोड़ दिया।


महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी, भव्य पुष्प सज्जा और विशेष अलंकरण से दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा है।

भक्त अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मनोकामना पूर्ति की कामना के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार भारत के प्रमुख शिव धामों में काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी के बाद उत्तरकाशी का काशी विश्वनाथ मंदिर विशेष महत्व रखता है और यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलित होती है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा, बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन तथा सुगम दर्शन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरा शहर शिवमय वातावरण में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *