उत्तराखंडदेहरादून

अवैध जुगाड़ वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, कई वाहन जब्त

अवैध जुगाड़ वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, कई वाहन जब्त

 

देहरादून  

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/सड़क सुरक्षा) देहरादून डॉ. अनीता चमोला के निर्देशों पर जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध जुगाड़ वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत उन वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई जिनमें साइकिल का हैंडल लगाकर किसी पुराने स्क्रैप वाहन का इंजन जोड़ दिया गया था या किसी दोपहिया वाहन को काटकर अनधिकृत रूप से माल ढोने वाले कार्ट में परिवर्तित कर दिया गया था।

अभियान के दौरान ऐसे वाहनों की विशेष जांच की गई जिनमें इंजन नंबर या चेसिस नंबर उपलब्ध नहीं थे अथवा जिनके नंबरों में असंगति पाई गई। कार्रवाई के दौरान कुल 16 जुगाड़ वाहनों को उनके स्वामियों के माध्यम से मौके पर ही कटवाया गया। इसके अलावा नंबर अंकित होने के बावजूद संदिग्ध पाए गए 5 वाहनों को निरुद्ध किया गया। वाहन स्वामियों को भविष्य में इस प्रकार के अवैध जुगाड़ वाहनों का उपयोग न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।

इस दौरान व्यापारियों को भी जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे जुगाड़ वाहनों से किसी प्रकार का माल परिवहन न कराएं और वैध व सुरक्षित परिवहन साधनों का ही उपयोग करें।

अभियान के दौरान बालावाला–रायपुर क्षेत्र में एक दिलचस्प मामला सामने आया, जहां एक जुगाड़ वाहन की मूल आयु मात्र 6–7 वर्ष पाई गई, लेकिन उसे काटकर जुगाड़ वाहन के रूप में परिवर्तित कर दिया गया था। वाहन के नंबर और चेसिस नंबर के मिलान में असमानता मिलने पर एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव को वाहन के चोरी का होने का संदेह हुआ। इसके बाद मौके पर ही एसपी सिटी से समन्वय स्थापित कर एनसीआरबी डाटा के माध्यम से वाहन की जांच कराने के निर्देश दिए गए। जांच पूरी होने के बाद ही वाहन को छोड़े जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

अभियान के दौरान रॉन्ग लेन अथवा उल्टी दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 26 वाहनों के चालान किए गए। संबंधित वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार के उल्लंघन पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है।

दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में कुल 130 वाहनों के चालान किए गए तथा 26 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें 5 जुगाड़ वाहन भी शामिल हैं।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि अवैध एवं जुगाड़ वाहनों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन और व्यापारियों से अपील की कि वे हाथ से चलने वाले ठेलों अथवा वैध परिवहन साधनों का ही उपयोग करें और किसी भी परिस्थिति में जुगाड़ वाहनों से माल का परिवहन न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *