एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह: कुलपति ने की अंतिम तैयारियों की समीक्षा, विद्यार्थियों से पारंपरिक वेशभूषा में आने का आग्रह
एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह: कुलपति ने की अंतिम तैयारियों की समीक्षा, विद्यार्थियों से पारंपरिक वेशभूषा में आने का आग्रह
श्रीनगर गढ़वाल- हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. पी. सिंह ने 24 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह की अंतिम तैयारियों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में जानकारी दी गई कि दीक्षांत समारोह के लिए कुल 645 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है और पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इनमें 78 स्वर्ण पदक विजेता तथा 174 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं, जिन्होंने समारोह में भाग लेने के लिए अपना पंजीकरण कराया है। कुलपति ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया।
अपने संबोधन में प्रो. सिंह ने दीक्षांत समारोह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस विशेष अवसर पर अपनी पारंपरिक/एथनिक वेशभूषा में उपस्थित हों, जिससे सांस्कृतिक विविधता और गौरव को बढ़ावा मिले।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि दीक्षांत समारोह से एक दिन पूर्व, 23 मार्च 2026 को कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों पर विचार किया जाएगा।
बैठक में संचालन समिति के संयोजक प्रो. एच. बी. एस. चौहान, सह-संयोजक प्रो. एम. एस. पंवार, डीएसडब्ल्यू प्रो. ओ. पी. गुसाईं, प्रो. वाई. पी. रैवानी, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आर. एस. नेगी, मुख्य प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार, कुलसचिव तथा विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी समितियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कुलपति प्रो. सिंह ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया तथा समारोह के सुचारू एवं सफल आयोजन हेतु सभी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव प्रदान किए।
विश्वविद्यालय 12वें दीक्षांत समारोह के भव्य और अनुशासित आयोजन के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।
