निदेशक गढ़वाल डॉ. शिखा जंगपांगी ने यमुनोत्री धाम में लिया स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा
निदेशक गढ़वाल डॉ. शिखा जंगपांगी ने यमुनोत्री धाम में लिया स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग गढ़वाल मंडल की निदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी ने अपने दो दिवसीय चारधाम यात्रा भ्रमण के दूसरे दिन यमुनोत्री धाम के भ्रमण पर रही। चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने के उद्देश्य से यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर स्थित सभी चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. आर0सी0 आर्य नोडल अधिकारी, यमुनोत्री यात्रा मार्ग भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान निदेशक, गढ़वाल मंडल द्वारा सामु0स्वा0केन्द्र, बड़कोट में मरीजों का अत्यधिक लोड व चारधाम यात्रा को देखते हुए अन्य चिकित्सालयों से चिकित्सकों की तैनाती किये जाने एवं आवश्यक जीवनरक्षक दवाईयों व ऑक्सीजन सिलिण्डर पर्याप्त मात्रा में रखे जाने हेतु निर्देश दिये गये।
इसके अतिरिक्त बड़कोट, दोबाटा में स्थापित किये गये स्वास्थ्य जांच केन्द्र का भी निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा नोडल अधिकारी, डॉ0 आर0सी0 आर्य को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य जांच केन्द्रों पर 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के श्रद्धालुओं की प्राथमिक जांचे अवश्य करायें।
डॉ0 शिखा जंगपांगी ने जानकीचट्टी में नवनिर्मित ट्रांजिट हास्टल एवं चिकित्सालय के निरीक्षण किया गया। यमुनोत्री मार्ग पर स्थापित स्वास्थ्य जांच केन्द्र एवं अन्य चिकित्सा इकाइयों में व्यवस्थाएं चाक-चौबन्द करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही उनके द्वारा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये गये कि चारधाम यात्रा में तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निदेशक को बताया गया कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को उत्तम स्वास्थ्य सुविधा प्रदान किये जाने हेतु यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर 03 मेडिकल रिलीफ केन्द्र एवं 30 स्वास्थ्य मित्रों को तैनात किया गया है । इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर स्थित सभी चिकित्सा इकाइयों में आवश्यक जीवन रक्षक औषधियां, ऑक्सीजन सिलेंडर वा उपकरण यात्रा आरम्भ होने से पूर्व ही पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दिए गए हैं।
