उत्तरकाशीउत्तराखंड

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जनपद में किशोरियों का होगा टीकाकरण अभियान

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जनपद में किशोरियों का होगा टीकाकरण अभियान

 

 

उत्तरकाशी

सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उद्देश्य से जनपद में किशोरियों के टीकाकरण हेतु एक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तावित टीकाकरण अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

 

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण है, जिससे बचाव के लिए टीकाकरण एक प्रभावी एवं सुरक्षित उपाय है। अभियान के अंतर्गत जनपद की 14 वर्ष आयु की किशोरियों का एक बार टीकाकरण किया जाएगा। वर्तमान में जनपद की कुल जनसंख्या के लगभग एक प्रतिशत के अनुरूप कुल 3435 किशोरियों को टीकाकरण से आच्छादित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

 

प्रथम चरण में जिला चिकित्सालय एवं जनपद के सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर पर तीन माह की अवधि का माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। भविष्य में जैसे-जैसे किशोरियाँ 14 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगी, उनका टीकाकरण नियमित रूप से किया जाता रहेगा। यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर 26 जनवरी को लॉन्च किया जाएगा।

 

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को पात्र किशोरियों की सूची उपलब्ध कराने एवं पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विभिन्न माध्यमों से व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए गए।

 

 

इसके अतिरिक्त सभी एमओआईसी को निर्देशित किया गया कि टीकाकरण के उपरांत किशोरियों के परिजनों के संपर्क नंबर सुरक्षित रखे जाएं तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को ब्लॉक चिकित्सा इकाइयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बीपी, शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच नियमित रूप से किए जाने के निर्देश दिए गए।

 

 

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र बिजल्वाण, डॉ. कुलवीर राणा, डॉ. हिमाद्रि, गंगा घाटी के समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजल्वाण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन एच एम हरदेव राणा, आई ई सी मैनेजरअनिल बिष्ट, प्रमोद नौटियाल, मंगल प्रसाद भट्ट, अजय बिष्ट, सीमा अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी वा कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि यमुना घाटी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *