फ़कोट के पास सड़क पर ट्रक पलटा, तीन कांवड़ियों की दर्दनाक मौत
नरेंद्र नगर- गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऋषिकेश से चंबा की ओर जा रहा कावड़ियों से भरा एक ट्रक नरेंद्र नगर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक के सड़क पर पलटते ही कांवड़ियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही नरेंद्र नगर थाने से पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सड़क पर पलटे ट्रक में फंसे कांवड़ियों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। अभी तक की जानकारी के मुताबिक21 कांवड़िए ट्रक में सवार थे। घटना में तीन कावड़ियों के मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। बाकी घायलों को पुलिस ने नरेंद्र नगर और ऋषिकेश एम्स के लिए एंबुलेंस से उपचार के लिए रवाना किया है।
नरेंद्र नगर के सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि मृतकों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिए हैं और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान करने के प्रयास कर रही है। ट्रक सिकंदराबाद उत्तर प्रदेश से उत्तरकाशी जा रहा था। घटना कैसे हुई पुलिस इसकी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता सभी घायलों की जान बचाने पर बनी हुई है। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि उनकी पूरी टीम घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाने में जुटी हुई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सड़क हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी टिहरी को घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच करने के लिए भी कहा है।
