अंतर-संकाय सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन
अंतर-संकाय सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन
श्रीनगर – हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-संकाय सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं 2025–26 के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जहां पहले दिन देर रात तक संगीत के अंतर्गत सुगम संगीत, समूह गान एवं लोक गीत कार्यक्रम हुए वहीं दूसरे दिन के कार्यक्रमों में मुख्य प्रांगण में कव्वाली, शास्त्रीय गायन तथा पाश्चात्य गायन प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
वहीं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में काव्य पाठ, वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी वैचारिक क्षमता एवं बौद्धिक दक्षता का परिचय दिया।
इसी प्रकार चित्रकला के अंतर्गत पोस्टर, पेंटिंग, कार्टून एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का सशक्त प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा । विभिन्न संकायों के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतियोगिताओं का संचालन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक किया गया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो ओ पी गुसाईं , कार्यक्रम संयोजक प्रो अतुल ध्यानी, प्रो मोहन पंवार, डॉ विजय ज्योति, डॉ घनश्याम ठाकुर, डॉ संजय पांडे, डॉ कपिल पंवार आदि मौजूद रहे।
19–20 मार्च को अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिताएँ
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में 19 एवं 20 मार्च को अंतर-महाविद्यालयी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग श्रीमती पूनम कठैत शामिल होंगी।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो ओपी गुसाईं ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय परिसर, संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों के बीच संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्यिक एवं चित्रकला की विभिन्न विधाओं में प्रतिस्पर्धाएँ आयोजित होंगी।
कार्यक्रम संयोजक प्रो अतुल ध्यानी ने बताया कि अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में 8 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जो विभिन्न महाविद्यालयों का प्रतिनिधित्व करेंगी और सांस्कृतिक रैली में भाग लेंगी ।
