पंचायत चुनाव को लेकर उत्तरकाशी पुलिस मुस्तैद, उत्तराखंड-हिमाचल बॉर्डर से मोरी पुलिस ने 85 पेटी देशी शराब की बरामद
पंचायत चुनाव को लेकर उत्तरकाशी पुलिस मुस्तैद, उत्तराखंड-हिमाचल बॉर्डर से मोरी पुलिस ने 85 पेटी देशी शराब की बरामद
उत्तरकाशी(वीरेंद्र सिंह नेगी)- पंचायत चुनाव को लेकर उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट मोड पर है। मोरी पुलिस ने उत्तराखंड-हिमाचल बॉर्डर से 85 पेटी शराब बरामद की। वाहन को कब्जे में लेकर सीज किया। पुलिस को देखने के बाद तस्कर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। शराब तस्करी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। मामले में पुलिस ने अपनी अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्तरकाशी एसपी सरिता डोबाल ने बताया कि मोरी पुलिस पंचायत चुनाव के मध्यनजर उत्तराखंड-हिमाचल बॉर्डर के सनेल चेक पोस्ट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिमाचल, कुड्डू की तरफ से पिकअप वाहन उत्तराखंड की ओर आ रहा था। बैरियर पर पुलिस को मुस्तैद देख वाहन चालक बैरियर से कुछ दूर पहले ही वाहन को खड़ा कर हिमाचल की तरफ भाग गया। पुलिस ने वाहन को चेक करने पर वाहन से शराब बरामद की। वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। फरार तस्कर की पुलिस लगातार तलाश कर रही है। इसके साथ एसपी सरिता डोबाल ने बताया कि चुनाव को पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पुरी तरह से तैयार है। चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने वालों पर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
