अपने ही साथी की हत्या करने वाले तीन गिरफ्तार, नशे में आपसी झगड़ा बना हत्या का कारण
टिहरी- जनपद टिहरी के लंबगांव में भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज हुए हत्या के मामले का पुलिस और सीआईयू की टीम ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त टीम ने हत्या करने वाले तीन आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने लंबगांव से हत्या में इस्तेमाल सरिया हथोड़ा और गमछा बरामद किया है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि लंबगांव में एक बिल्डिंग का निर्माण चल रहा है। दो दिन पहले मजदूर गौरव की हत्या हो गई। हत्या के बाद रंजन, रखाल और अशोक नाम के मजदूर निर्माण स्थल से गायब हो गए। इसलिए सीधे-सीधे पुलिस को शक तीनों मजदूरों पर हुआ। ठेकेदार ने भी तीनों मजदूरों के खिलाफ हत्या करने की शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद एसओ शांति प्रसाद चमोली, सीआईयू प्रभारी ओमकांत भूषण और विकास सैनी ने मिलकर आरोपियों को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी बिहार भागने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नशे में झगड़े की वजह से उन्होंने हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस का दावा है कि नए कानून के तहत दर्ज हुए इस हत्या के मामले का नियमों का पालन करते हुए शीघ्र खुलासा किया गया है।