ऊखीमठ नगर पंचायत, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत मदमहेश्वर मेला समिति ने सीएम धामी का जताया आभार
देहरादून- उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती उत्सव के अवसर पर पीएम मोदी को केदारनाथ जी के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ की प्रतिकृति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किए जाने पर ऊखीमठ नगर पंचायत, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत मदमहेश्वर मेला समिति ने सीएम पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
अपने आभार पत्र में ऊखीमठ नगर पंचायत द्वारा कहा गया कि सीएम धामी द्वारा केदारनाथ जी के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ की प्रतिकृति को पीएम नरेंद्र मोदी को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। इस पहल से उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के महात्म्य और ऐतिहासिक महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार भी होगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों तथा मदमहेश्वर मेला समिति के सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस भावनात्मक पहल से क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिली हैं। इससे श्रद्धालु एवं पर्यटक ओंकारेश्वर मंदिर के प्रति अधिक आकर्षित होंगे, जिससे स्थानीय पर्यटन एवं अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


