28 नवंबर को रिलीज होगी विद्या सपनों की उड़ान, उत्तराखंड की शिक्षा और आशा पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म
देहरादून- रियल कॅलिबर प्रोडक्शन्स द्वारा निर्मित सामाजिक फिल्म ‘विद्या – सपनों की उड़ान’ शुक्रवार, 28 नवंबर को उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। उत्तराखंड के देवाल ब्लॉक के वांण गाँव, लाटू देवता और माँ नंदा देवी के पवित्र स्थल पर फिल्माई गई यह फिल्म ग्रामीण जीवन, संघर्ष और शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति को जीवन्त करती है।
फिल्म की कहानी चमोली जनपद के वांण गाँव में शिक्षा के अभाव और वर्षों से विद्यालय न होने की समस्या पर आधारित है। कहानी में दिखाया गया है कि गाँव के युवा बाहर पढ़कर यह समझते हैं कि शिक्षा ही उन्नति का आधार है। वे अपने गाँव लौटकर स्कूल खोलने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से संघर्ष करते हैं—जहाँ सहयोग भी मिलता है और विरोध भी। अंततः उनकी जिद और प्रतिबद्धता सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तक पहुँचती है और गाँव में विद्यालय का सपना साकार होता है।
फिल्म उत्तराखंड सूचना एवं लोक संपर्क विभाग और फिल्म विकास परिषद की अनुमति से बनाई गई है।
फिल्म में एकता तिवारी, सतीश शर्मा, सुशांत कांड्या, साहिल शिवराम, मानसी मिश्रा, दीपक्क बंगवाल, रमेश रावत, सुशील यादव, पल्लवी पाठक और चाइल्ड आर्टिस्ट भावना रोकड़े, तेजस्विनी गंगोला, यशिका एवं सारांश ने महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं।
निर्देशक-संजीब दास ने कहा, “यह फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, शिक्षा के महत्व पर एक आंदोलन है। विद्या की यात्रा उन सभी बच्चों की आवाज़ है जो सीमित साधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। फिल्म की प्रमुख टीम में कार्यकारी निर्माता सुदीप जुगरान, निर्माता तेजोराज पटवाल एवं व्यंकट पुंडीर, पटकथा–विराट भट्ट व विजय तिवारी, सिनेमैटोग्राफर हर्ष शर्मा, एडिटर विकास अरोरा और संगीतकार नवीन शिवराम शामिल हैं।
फिल्म की प्रेस वार्ता उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून में आयोजित की गई, जिसमें सतीश शर्मा, तेजोराज पटवाल, वेंकट पुंडीर, शीनू कौर, सुदीप जुगरान, अरुण घिल्डियाल, परविंदर सिंह, रक्षित नंदा सहित निर्माता टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
