मनेरी भाली में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को दिया विशेष प्रशिक्षण
भागीरथी में राफ्टिंग से युवाओं को मिलेगा रोजगार: मनेरी भाली में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को दिया विशेष प्रशिक्षण
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- जोशियाड़ा भागीरथी नदी पर स्थित मनेरी भाली द्वितीय चरण जलविद्युत परियोजना क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार और पर्यटन विभाग द्वारा युवाओं को बेसिक रिवर राफ्टिंग कोर्स के तहत राफ्टिंग प्रशिक्षण कराया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटक सामान्य दिनों में राफ्टिंग का आनंद लेते हैं। वहीं अब स्थानीय युवाओं को इस क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 3 नवंबर से 8 नवंबर तक युवाओं को राफ्टिंग के विभिन्न तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी गुर सिखाए गए। प्रशिक्षकों की देखरेख में प्रतिभागियों ने मनेरी भाली बांध द्वितीय पर नाव संचालन, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और आपात स्थिति में बचाव जैसी आवश्यक विधियों का अभ्यास किया। वर्तमान में लड़कों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें युवाओं का उत्साह देखने लायक है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवा स्थानीय स्तर पर राफ्टिंग गाइड के रूप में कार्य कर सकेंगे, जिससे न केवल उन्हें रोजगार मिलेगा बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
