राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में ‘स्पर्श गंगा’ अभियान के तहत एक दिवसीय शिविर का आयोजन
राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में ‘स्पर्श गंगा’ अभियान के तहत एक दिवसीय शिविर का आयोजन
टिहरी- राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में नमामि गंगे कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ मीनाक्षी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्पर्श गंगा गतिविधि के अवसर पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महाविद्यालय के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरणीय समस्याओं के प्रति जन जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गंगा नदी की वर्तमान स्थिति पर विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया तथा प्लास्टिक प्रदूषण, जल प्रदूषण और पर्यावरण संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया।
छात्र–छात्राओं ने पोस्टर, नारों एवं संवाद के माध्यम से आमजन से अपील की कि वे गंगा नदी को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सक्रिय योगदान दें। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और जीवनदायिनी धरोहर है, जिसकी रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा |
