उक्रांद ने अंकिता प्रकरण में सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, CBI जांच की मांग
उक्रांद ने अंकिता प्रकरण में सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, CBI जांच की मांग
देहरादून- अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर देहरादून के बंजारावाला में उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय महामंत्री किरन रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया और मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
किरन रावत ने कहा कि आज अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड की अंतरात्मा को झकझोरने वाला मामला बन गया है। वर्षों बीत जाने के बाद भी पीड़िता के परिवार को पूर्ण न्याय न मिल पाना राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है। हमारा स्पष्ट मत है कि किसी भी पद पर बैठे व्यक्ति के विरुद्ध यदि सार्वजनिक आरोप लगते हैं तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय एजेंसी द्वारा जांच करवाया जाना सरकार का नैतिक दायित्व है। केंद्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने कहा कि अंकिता भण्डारी हत्याकांड की संपूर्ण सीबीआई जांच तेज गति से की जाए। दोषियों को कड़ी कानूनी सज़ा दी जाए। उत्तराखंड क्रांति दल स्पष्ट मांग करता है कि पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच यदि नहीं की जाती है तो हम प्रदेश भर में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे
पुतला दहन के दौरान महानगर अध्यक्ष प्रवीण रमोला, संगठन मंत्री कपिल कुमार, संतोष नौटियाल, जितेंद्र कुमार, रीता देवी, सुमन नेगी और सुचिता उनियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे।
