जनपद में बर्फबारी, किसान खुश, पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह
जनपद में बर्फबारी, किसान खुश, पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- जहां पहाड़ी क्षेत्रों में कल से बर्फबारी देखने को मिल रही है, वहीं यह किसानों के लिए खुशी की खबर है। दूसरी ओर यात्रा कर रहे लोगों को प्रशासन द्वारा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा सड़कों को सुचारु करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। वहीं विद्युत आपूर्ति को बहाल रखने के लिए संबंधित विभाग भी मुस्तैदी से कार्य में जुटा हुआ है। निचले क्षेत्रों की बात करें तो वहां हल्की धूप खिली हुई है।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण यातायात बाधित हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों को चिन्हित सुरक्षित स्थानों, होम-स्टे और होटलों में ठहराया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में इन सभी स्थलों पर पर्यटकों के लिए भोजन, पेयजल, हीटिंग (अलाव) और चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मार्ग खुलने तक पर्यटकों को अनावश्यक आवाजाही न करने की सलाह दी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पर्यटक को असुविधा न हो और उनकी सुरक्षा का पूर्ण ध्यान रखा जाए।
