ग्रामीण समस्याओं को लेकर डीएम से मिले सौंदी और सिरी के ग्रामीण, सौंपा ज्ञापन
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- उत्तरकाशी के विकासखंड डुंडा अंतर्गत ग्राम सभा सौंदी एवं ग्राम सिरी (ढुंग) की ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय ग्रामीण प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से मिल कर विस्तृत वार्ता कर संयुक्त ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने अवगत कराया कि ग्राम सभा सौंदी, जो 30 नवम्बर 2023 से जनपद उत्तरकाशी में सम्मिलित है। अब तक तकनीकी एवं अभिलेखी त्रुटियों के कारण शासकीय योजनाओं से पूर्ण रूप से नहीं जुड़ पाई है। मनरेगा पोर्टल से संबद्धता, आधार कार्ड में निवास विवरण संशोधन, विभागीय योजनाओं का लाभ, विधानसभा क्षेत्र निर्धारण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क संपर्क तथा विधायक निधि व्यय की अनुमति जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए।
साथ ही ग्राम सिरी के कस्बे की समस्याओं पर भी ध्यान आकर्षित कराया गया। वर्ष 2024 की बाढ़ से क्षतिग्रस्त मार्ग और पुलियाओं का अब तक पुनर्निर्माण न होना, गाड़ किनारे सुरक्षा दीवार की आवश्यकता तथा भू-धसाव से प्रभावित मकानों के पुनः सर्वे और राहत कार्य की माँग प्रमुख रूप से रखी गई।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया।साथ ही ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन शीघ्र कार्यवाही कर दोनों ग्राम क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा.
इस अवसर पर पूर्व प्रधान जीतम सिंह रावत (ग्राम सिरी), शांतिलाल (पूर्व उपप्रधान, सिरी),आनंद सिंह पंवार (पूर्व प्रधान, सौंदी) तथा जयपाल सिंह चौहान (पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, सौंदी) उपस्थित रहे।
।
