वेबिनार में विशेषज्ञों ने बताए शोध लेखन और डेटा संकलन के आधुनिक तरीके
वेबिनार में विशेषज्ञों ने बताए शोध लेखन और डेटा संकलन के आधुनिक तरीके
टिहरी- राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ शनव्वर ने “शोध प्रविधि एवं सांख्यिकी तकनीकी” विषय पर एक दिवसीय ऑनलाइन वेबीनार का आयोजन किया।
वेबीनार में तीस से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संकाय सदस्यों में प्रोफेसर निरंजना शर्मा, डॉ. ईरा सिंह, डॉ मीनाक्षी और ममता चौहान ने भी सक्रिय रूप से ऑनलाइन प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में राजकीय महाविद्यालय नैनीडांडा के सहायक प्राध्यापक डॉ. दानिश मसूद ने शोध पद्धति एवं सांख्यिकी तकनीकों के विभिन्न आयामों पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने शोध के स्वरूप, डेटा संकलन की विधियों, सांख्यिकीय विश्लेषण की उपयोगिता तथा शोध लेखन की प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने मुख्य वक्ता डॉ. दानिश मसूद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अकादमिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि एवं गुणवत्ता का विकास करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु डॉ. शनव्वर का भी धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया।
वेबीनार के अंत में प्रतिभागियों ने विषय से संबंधित जिज्ञासाएँ प्रस्तुत कीं, जिनका समाधान मुख्य वक्ता द्वारा संतोषजनक रूप से किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
