नैनबाग में चारधाम यात्रा 2026 को लेकर पुलिस की बैठक, व्यापारियों और जनता से सहयोग की अपील
नैनबाग में चारधाम यात्रा 2026 को लेकर पुलिस की बैठक, व्यापारियों और जनता से सहयोग की अपील
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों के तहत एसएसपी आयुष अग्रवाल के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक चम्बा के निर्देशन में कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने नैनबाग में व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की।
बैठक में आगामी यात्रा और पर्यटक सीजन के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के आगमन की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस ने कस्बा नैनबाग को जाम मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं और तय शुल्क ही वसूला जाए।
इसके साथ ही होटल और ढाबा संचालकों को रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने और अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने यात्रा को सुरक्षित और दुर्घटना रहित बनाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने पर भी बल दिया।
बैठक में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन कराने, फड़-फेरी वालों और घुमंतु लोगों की पहचान करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही कच्ची शराब और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, निर्माण या बिक्री से संबंधित जानकारी भी तत्काल देने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन को आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
