देहरादून: प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों की मारपीट, 22 वर्षीय युवक की मौत; 3 आरोपी हिरासत में
प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों की मारपीट, 22 वर्षीय युवक की मौत; 3 आरोपी हिरासत में
देहरादून- देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के केहरी गांव में युवकों के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक युवक की मौत हो गई। मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अभियुक्तों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस तुरंत सीएचसी प्रेमनगर पहुंची, जहां घायल युवक की पहचान दिव्यांशु जाटराना निवासी ग्राम अथाई भोपा, जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। एम्बुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने घायल को अपने सरकारी वाहन से दून अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को भी सूचना दी। इलाज के दौरान देर रात दिव्यांशु की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया। जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और कॉलेज में वर्चस्व को लेकर उनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 23 मार्च को विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
