हुड़दंगी छात्रों/युवकों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी दून के निर्देशों पर शुरू हुआ दून पुलिस का “ऑपरेशन नाइट वॉच “
हुड़दंगी छात्रों/युवकों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी दून के निर्देशों पर शुरू हुआ दून पुलिस का ऑपरेशन नाइट वॉच
देहरादून
देहरादून की सड़कों पर रात के अंधेरे में हुड़दंग मचाने वाले छात्रों और अराजक तत्वों की अब खैर नहीं। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के कड़े निर्देशों पर शुरू हुए ऑपरेशन नाइट वॉच ने शहर में हड़कंप मचा दिया है। पिछले 48 घंटों में पुलिस ने व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाकर न केवल भारी जुर्माना वसूला है, बल्कि दर्जनों वाहनों को सीज कर हुड़दंगियों को सलाखों के पीछे भी भेजा है।

एसएसपी के नेतृत्व में जनपद के नगर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 21 चौपहिया और 50 दोपहिया वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। गाड़ियों में अवैध हूटर, काले शीशे और रैश ड्राइविंग करने वाले 12 वाहनों को सीज किया गया। देर रात सड़कों पर बेवजह घूम रहे 288 लोगों से पुलिस ने तीखे सवाल-जवाब किए। संतोषजनक उत्तर न मिलने और संदिग्ध पाए जाने पर 156 व्यक्तियों को थाने लाया गया, जहाँ उनके रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा के नाम पर दून आकर माहौल खराब करने वाले युवाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी करने वाले छात्रों को चिन्हित किया जाए। यदि कोई छात्र ग्रुप में हुड़दंग करते पाया गया तो कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित संस्थान से निष्कासन भी कराया जाएगा।
