एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस लाइन देहरादून में किया परेड का निरीक्षण
एसएसपी ने खुद परेड में दौड़कर परखी पुलिसकर्मियों की फिटनेस
देहरादून (अमित नौटियाल)- एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने देहरादून पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित परेड आयोजित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने शस्त्रागार का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक को शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और अधीनस्थ अधिकारियों को शस्त्र हैण्डलिंग का निरंतर अभ्यास कराने के आदेश दिए। इसके साथ ही, स्टोर कार्यालय में एंटी-रायट उपकरणों, बुलेटप्रूफ जैकेट और अन्य सरकारी संपत्तियों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने जरूरत के अनुसार नए उपकरण उपलब्ध कराने और रिकॉर्ड रूम के सभी रजिस्टरों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने आवासीय परिसर, बैरकों और भोजनालय का जायजा लिया। उन्होंने भोजनालय में बनने वाले भोजन की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने और परिसर में स्वच्छता के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस मॉडर्न स्कूल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों से शिक्षण कार्य की जानकारी ली और छात्र हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में उन्होंने उपलब्ध वाहनों की फिटनेस और रखरखाव की स्थिति देखी। एसएसपी ने सरकारी वाहनों के समयबद्ध मेंटेनेंस पर जोर दिया ताकि आपातकालीन स्थिति में वे पूरी तरह तैयार रहें। वहीं एसएसपी ने तीन पुलिसकर्मियों— राजेश जोशी, रमेश रावत और सूरज सिंह को उनके सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी द्वारा पुरस्कृत किया। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सभी कर्मियों से अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
