उत्तरकाशीउत्तराखंड

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में कपाट खुलने की तैयारी, फूलों से सजे मंदिर परिसर

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में कपाट खुलने की तैयारी, फूलों से सजे मंदिर परिसर

 

उत्तरकाशी-  गंगोत्री और यमनोत्री धाम में मां गंगा और यमुना के स्वागत की तैयारियां अपने चरम पर हैं। रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से दोनों धाम किसी दुल्हन की तरह सजे हुए दिखाई दे रहे हैं, जो श्रद्धालुओं के आगमन की प्रतीक्षा में दिव्य रूप धारण कर चुके हैं। मां गंगा की उत्सव डोली के भव्य स्वागत के लिए श्री गंगोत्री धाम को आकर्षक रूप से सजाने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और कुछ ही समय में पूरी सजावट पूर्ण हो जाएगी। मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों को रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक रोशनी और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे पूरे धाम में उत्सव और आस्था का विशेष माहौल बन गया है। मंदिर को फूलों से दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है, जहां हर कोना भक्ति और श्रद्धा की झलक प्रस्तुत कर रहा है। जिला प्रशासन उत्तरकाशी और श्री गंगोत्री धाम मंदिर समिति संयुक्त रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सभी व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को सुचारू बनाया गया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए मार्गों को चिन्हित किया गया है और आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए गए हैं, ताकि मां गंगा की डोली के आगमन पर श्रद्धालुओं को भव्य, दिव्य और सुरक्षित वातावरण में दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो सके। पूरे धाम में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिल रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *