रैगांव में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर: गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव और बालिकाओं को HPV वैक्सीन की दी जानकारी
रैगांव में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर: गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव और बालिकाओं को HPV वैक्सीन की दी जानकारी
रैगांव (चंपावत): आयुष्मान आरोग्य मंदिर रैगांव में आज स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एक विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर के दौरान चिकित्सा टीम ने संस्थागत प्रसव (अस्पताल में डिलीवरी) के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि घर पर प्रसव कराने से जच्चा-बच्चा दोनों के जीवन को खतरा हो सकता है, जबकि अस्पताल में प्रशिक्षित चिकित्सकों की देखरेख में किसी भी जटिलता का समय रहते उपचार संभव है।
इसके साथ ही महिलाओं और किशोरियों को HPV वैक्सीन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और इसके महत्व को समझाते हुए समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि—
खुशियों की सवारी योजना के तहत प्रसव के बाद माँ और नवजात को सुरक्षित घर तक पहुँचाया जाता है।
102/108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को निशुल्क अस्पताल पहुँचाने की सुविधा उपलब्ध है।
विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि एवं पोषण संबंधी लाभों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. इकार खान (राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल रैगांव), ग्राम प्रधान उमा देवी, सीएचओ नीमा भट्ट, एएनएम चन्द्रकला एवं बीटीसी सदस्य निर्मला देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
