नैनबाग विद्यालय में एनबॉल खेल का हुआ भव्य प्रदर्शन,छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह
नैनबाग विद्यालय में एनबॉल खेल का हुआ भव्य प्रदर्शन,छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- नैनबाग के सरदार सिंह रावत राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को l “एनबॉल” खेल के प्रति जागरूक किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को खेल की तकनीकी जानकारी देने के साथ-साथ मैदान में इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित नारायण सिंह राणा जी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ० चंद्रशेखर नौटियाल के प्रयासों से संभव हो पाया। इस अवसर पर गुजरात से आए अंतरराष्ट्रीय कोच प्रताप चौहान ने विद्यार्थियों को एनबॉल खेल के नियम, तकनीक एवं इसके अंतरराष्ट्रीय महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विद्यालय में विशेष रूप से मैदान तैयार करवाकर छात्र-छात्राओं को खेल खिलवाया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बेहद उत्साह और रुचि के साथ भाग लिया। छात्रों ने खेल को शीघ्रता से सीखते हुए शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के मैच के बाद अध्यापकों ने भी मैदान में उतरकर एनबॉल खेला, जिससे कार्यक्रम में और अधिक उत्साह का माहौल बन गया।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय कोच प्रताप चौहान ने विद्यालय को एनबॉल खेल की संपूर्ण किट भेंट की गई। प्रधानाचार्य डॉ० चंद्रशेखर नौटियाल ने कहा कि इस पहल से विद्यालय के छात्र-छात्राएं नए खेल को बेहतर ढंग से सीख पाएंगे तथा भविष्य में अन्य विद्यालयों को भी इसके लिए प्रेरित किया जाएगा।
वहीं पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा ने कहा कि एनबॉल खेल को संपूर्ण क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं तथा भविष्य में बड़े स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराया जाएगा।
इस अवसर पर यशवीर सिंह रावत, मनोज नेगी, काशी विश्वनाथ, वीर सारस्वत, अरविंद हनुमंती, कुलबीर सिंह रावत, कैलाश सिंह रावत, अनामिका बहुगुणा, मोनिका रानी, मोनिका नेगी, शमशाद खान, शोभा राय सिंह रावत, रिजवाना, मनजीत कंडारी, प्रदीप नौटियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
