उत्तराखंडनैनबाग

नैनबाग में आयन बॉल के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, युवाओं में दिखा खेल के प्रति जबरदस्त उत्साह 

नैनबाग में आयन बॉल के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, युवाओं में दिखा खेल के प्रति जबरदस्त उत्साह 

नैनबाग (शिवांश कुंवर)- सरदार सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कोचो द्वारा आयन बॉल प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया,शिविर में क्षेत्र के बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आयन बॉल के संरक्षक एवं पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के सफल संचालन में प्रताप सिंह चौहान तथा प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल का विशेष सहयोग रहा।
समापन अवसर पर संरक्षक नारायण सिंह राणा ने कहा कि अधिकांश खेलों के मुख्यालय विदेशों में स्थापित हैं, लेकिन प्रताप सिंह चौहान के अथक प्रयासों से आयन बॉल का पहला अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय भारत में स्थापित होने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे देश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इससे भारतीय खिलाड़ियों, विशेषकर युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्राप्त होगा
वहीं, इंडिया फेडरेशन आयन बॉल के सीईओ प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि आयन बॉल का पहला मुख्यालय भारत में स्थापित करने की योजना पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि यह मुख्यालय मैदानी क्षेत्रों के बजाय पर्वतीय क्षेत्र में स्थापित हो, ताकि मैदानी युवाओं के साथ-साथ पहाड़ के युवाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास और अनुशासन का भी आधार है।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों को आयन बॉल खेल के नियम, तकनीक और प्रतियोगितात्मक कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने खेल के प्रति गहरी रुचि दिखाई और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा क्षेत्र में खेल गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान विजेंद्र रावत, बिप्लब सरकार, रोहित जैन,मंजीत कंडारी, मनोज नेगी,काशी विश्वनाथ नेगी,राय सिँह,मनीष,आशीष डबराल,रिजवाना,पूनम, रेखा कंडारी,निकिता रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!