विश्व तंबाकू निषेध दिवस से पहले विद्यालय में जागरूकता अभियान, छात्रों ने ली तंबाकू मुक्त समाज की शपथ
विश्व तंबाकू निषेध दिवस से पहले विद्यालय में जागरूकता अभियान, छात्रों ने ली तंबाकू मुक्त समाज की शपथ
चम्पावत
विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई 2026) के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रेगरू में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय की अगुवाई में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सलाहकार ममता मिश्रा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही COTPA Act 2003 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सार्वजनिक स्थानों और विद्यालय परिसरों में तंबाकू निषेध नियमों का पालन करने की अपील की गई।
विद्यालय में मौजूद छात्रों को तंबाकू सेवन से दूर रहने और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने तथा स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश प्रमुखता से दिया गया।इस दौरान विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने तंबाकू निषेध विषय पर अपने विचारों को रचनात्मक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में आयुषी ने प्रथम, प्रियांशु मेहता ने द्वितीय और मानवी मेहता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान ग्राम प्रधान धन सिंह बोरा ने प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण किया। उन्होंने अपने ग्राम पंचायत को तंबाकू मुक्त करने का संकल्प लिया।
