उत्तराखंडनैनबाग

जीआईसी गरखेत में भारतीय भाषा समर कैंप शुरू, 60 छात्र-छात्राएं ले रहे भाग

जीआईसी गरखेत में भारतीय भाषा समर कैंप शुरू, 60 छात्र-छात्राएं ले रहे भाग

प्रधान रोशन वर्मा और प्रधानाचार्य देश कुमार कल्याण ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ 

 

नैनबाग (अमित नौटियाल)- उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज गरखेत जौनपुर में सात दिवसीय ‘भारतीय भाषा (समर कैम्प)’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। 27 मई से 02 जून 2026 तक चलने वाले इस रचनात्मक कैंप में क्षेत्र के लगभग 50 से 60 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत द्वारगढ़ के प्रधान रोशन वर्मा और प्रधानाचार्य देश कुमार कल्याण ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उद्घाटन सत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएचओ ज्योति सजवाण, फार्मासिस्ट प्रीती भण्डारी और एएनएम रीना ने भी शिरकत कर बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। प्रधानाचार्य देश कुमार कल्याण ने बताया कि उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा के माध्यम से हर वर्ष एक समर कैंप (ग्रीष्मकालीन शिविर) का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष हमारे विद्यालय में 27 मई से 2 जून तक इस कैंप का संचालन किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक बच्चों को भाषा ज्ञान, खेलकूद और शारीरिक शिक्षा से संबंधित विशेष प्रशिक्षण देंगे, ताकि बच्चे जागरूक बन सकें और सामाजिक गतिविधियों से जुड़कर लाभान्वित हो सकें। प्रधान रोशन वर्मा ने बताया कि समर कैंप को लेकर बच्चों में भारी उत्साह है और क्षेत्र के विकास व बच्चों की शिक्षा के लिए पंचायत हर संभव सहयोग करेगी। आधुनिकता के दौर में बच्चों को अपनी भारतीय भाषाओं और संस्कृति से जोड़ना बेहद जरूरी है, और यह कैंप इस दिशा में सराहनीय कदम है। इस मौके पर शिक्षक संजय कुमार शर्मा, पीटीआई गणेश सिंह चौहान, वरिष्ठ सहायक सुनील जेठूडी, प्रिंसी बिजल्वाण, रितिका, प्रीती, राधिका, आस्था, मानवी, लक्ष्य, आरुष, आयुष, अजीत, अनुज, प्रिंस, अरविंद और सूरज आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!