उत्तराखंडटिहरी गढ़वालहादसा

गंगा किनारे सेल्फी लेते समय पैर फिसला, गाजियाबाद का सॉफ्टवेयर इंजीनियर बहा 

गंगा किनारे सेल्फी लेते समय पैर फिसला, गाजियाबाद का सॉफ्टवेयर इंजीनियर बहा 
 
देवप्रयाग- उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों और नदियों के किनारे वीकेंड मनाने आए एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गंगा किनारे सेल्फी लेते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोड़ियाला स्थित रावेरा होटल के पास गंगा नदी के तेज बहाव में गाजियाबाद का एक पर्यटक बह गया। पत्नी और मासूम बेटी की आंखों के सामने अपनों को डूबता देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। बछेली खाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल और SDRF के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के मुताबिक गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन अपने परिवार और दोस्तों के साथ कोड़ियाला के एक होटल में पहुंचे। शाम के वक्त जब पूरा परिवार गंगा घाट के किनारे तस्वीरें और सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक आशीष का पैर फिसल गया और वे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। होटल स्टाफ की सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के बावजूद रेस्क्यू टीम ने नदी में राफ्ट उतारकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तेज बहाव के कारण फिलहाल आशीष का कुछ पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी गाजियाबाद में उनके बुजुर्ग माता-पिता को दे दी गई है, जो ऋषिकेश के लिए रवाना हो चुके हैं। दोनों अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ों में गंगा का वेग बेहद खतरनाक है। नदियों के किनारे जाकर नियमों को ताक पर न रखें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही सीधे मौत को दावत देती है। कई जगह पर गंगा का जलस्तर ऊपर ही सतह पर समतल होता है, लेकिन अंदरूनी बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *