नैनबाग में प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
नैनबाग में प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- नैनबाग स्थित सांस्कृतिक मंच पर प्रसिद्ध निशानेबाज, पद्मश्री सम्मानित एवं उत्तराखंड के गौरव जसपाल राणा के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय संत लवदास महाराज ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उपस्थित लोगों के साथ दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संत लवदास महाराज ने कहा कि जसपाल राणा केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की शान थे। उन्होंने अपने अद्भुत खेल कौशल, अनुशासन और अथक परिश्रम से भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व अपने कर्मों के कारण सदैव अमर रहते हैं। उनका निधन खेल जगत, उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
संत लवदास महाराज ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
इस अवसर पर विश्व शक्ति योग जन सेवा समिति के अध्यक्ष गंभीर रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश तोमर, धीरेन्द्र पंवार, राजेश कैंतुरा, सुमारी नौटियाल, सुरेंद्र सेमवाल, गोपाल पंवार, मोहन लाल निराला, सुनील सजवाण, राहुल राणा, विकास रावत, सूरत कैंतुरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत जसपाल राणा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
