दिशा की बैठक में गैर-हाजिर अभियंताओं पर भड़कीं सांसद, तबादले के निर्देश
दिशा की बैठक में गैर-हाजिर अभियंताओं पर भड़कीं सांसद, तबादले के निर्देश
उत्तरकाशी
जिला मुख्यालय स्थित जिला सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के दौरान विकास कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सांसद ने कड़ा रुख अपनाया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) और ब्रिडकुल (BRIDCUL) के अधिशासी अभियंताओं के बैठक में अनुपस्थित रहने पर सांसद ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों से तत्काल स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनके स्थानांतरण (तबादाला) के कड़े निर्देश जारी किए।
*स्वास्थ्य व्यवस्था: सीएचसी चिन्यालीसौड़ व पुरोला में हो पोस्टमार्टम*
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सीमांत क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
मांग: नौगांव, बड़कोट और पुरोला में डॉक्टरों व सफाई कर्मियों की तत्काल तैनाती की जाए।
राहत की पहल: सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में मृतकों के पोस्टमार्टम के लिए तीमारदारों को भटकना न पड़े, इसके लिए सीएचसी चिन्यालीसौड़ और पुरोला में भी पोस्टमार्टम की व्यवस्था करने की मांग की गई।
एक्शन: सांसद ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
दूरसंचार: सीमांत क्षेत्रों में बंद टावर तुरंत चालू करने के आदेश
दुर्गम और सीमांत ग्रामीण क्षेत्रों में खराब कनेक्टिविटी पर चिंता जताते हुए सांसद ने कहा कि कई मोबाइल टावरों में नेटवर्क न आने की लगातार जनशिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी कि वे शिकायतों का तुरंत निस्तारण करें और सभी प्रभावित व बंद टावरों को चालू कर नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करें।
कृषि व उद्यान: जंगली जानवरों से बचाव के लिए होगी फेंसिंग
खेतों की घेरबाड़: फसलों को जंगली जानवरों के नुकसान से बचाने के लिए कृषि विभाग को खेतों की घेरबाड़ (फेंसिंग) करने व अन्य समन्वित प्रयास करने को कहा गया।
बागवानी को बढ़ावा: उद्यान विभाग की समीक्षा में काश्तकारों को प्रोत्साहित करने और जिले में बागवानी को धरातल पर बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
*अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे लाभ: सांसद*
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने स्पष्ट किया कि जनहित की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की सलाह दी ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
